


रुद्रपुर(आरएनएस)। रैपिडो के माध्यम से निजी वाहनों से यात्रियों का व्यावसायिक परिवहन किए जाने के आरोप को लेकर रुद्रपुर के सीएनजी टेम्पो और ऑटो चालकों ने आक्रोश जताया। सोमवार को सीएनजी टेम्पो यूनियन के अध्यक्ष सुब्रत कुमार विश्वास के नेतृत्व में बड़ी संख्या में चालक एआरटीओ कार्यालय पहुंचे और सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) मोहित कोठारी को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने रैपिडो से जुड़े निजी वाहनों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की। यूनियन पदाधिकारियों ने कहा कि कॉमर्शियल वाहन चालक परमिट, टैक्स, फिटनेस और बीमा समेत परिवहन विभाग के नियमों का पालन करते हुए वाहन संचालित करते हैं। आरोप लगाया कि निजी वाहनों से यात्रियों का व्यावसायिक परिवहन किए जाने से सीएनजी टेम्पो, ऑटो और टैक्सी चालकों के रोजगार पर सीधा असर पड़ रहा है।ज्ञापन में रुद्रपुर क्षेत्र में रैपिडो से जुड़े वाहनों की जांच कराने और नियमों का उल्लंघन करते पाए जाने पर कार्रवाई की मांग की गई। साथ ही रैपिडो को निर्देश देने की मांग की गई कि निजी वाहनों से यात्रियों का व्यावसायिक परिवहन न कराया जाए। यूनियन अध्यक्ष सुब्रत कुमार विश्वास ने कहा कि यह लड़ाई किसी कंपनी या व्यक्ति के खिलाफ नहीं, बल्कि नियमों का पालन कर परिवार का भरण-पोषण करने वाले कॉमर्शियल वाहन चालकों के रोजगार की लड़ाई है। यूनियन ने परिवहन विभाग को समस्या के समाधान के लिए एक सप्ताह का समय दिया है। कार्रवाई न होने पर अन्य चालक यूनियनों के साथ एआरटीओ कार्यालय के बाहर शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी। इस दौरान यूनियन उपाध्यक्ष कृपाल, इंद्रपाल, तपन विश्वास, सुनील हालदार, मोहन, अर्जुन नेगी, सलीम अहमद, राजेश सैनी, मुकेश, रोहित हालदार, विनोद कुमार, राजेश प्रजापति, कौशल, गजेंद्र, सत्येंद्र, सरताज और सोमपाल समेत बड़ी संख्या में टेम्पो व ऑटो चालक मौजूद रहे।

