


लिंगदोह कमेटी के नियमों का पालन कराने को पुलिस-प्रशासन और कॉलेज प्रबंधन ने संभावित छात्रसंघ प्रत्याशियों के साथ की बैठक
बाहरी लोगों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध
हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव को लेकर पुलिस-प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। सोमवार को शांति व्यवस्था बनाए रखने और लिंगदोह कमेटी की सिफारिशों का पालन कराने के लिए पुलिस-प्रशासन, कॉलेज प्रबंधन और छात्रसंघ के संभावित दावेदारों की बैठक हुई। बैठक में तय किया गया कि कॉलेज में प्रवेश नहीं लेने वाले बाहरी लोगों का परिसर में प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
बिना पहचान पत्र छात्रों को भी प्रवेश नहीं
एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल की अध्यक्षता में हुई बैठक में संभावित दावेदारों को चुनाव संबंधी नियमों की जानकारी दी गई। तय किया गया कि कॉलेज के छात्र भी बिना पहचान पत्र के परिसर में प्रवेश नहीं कर सकेंगे। परिसर के भीतर किसी भी तरह के प्रचार-प्रसार या कार्यक्रम के लिए कॉलेज प्रशासन से एक दिन पहले अनुमति लेना अनिवार्य होगा।
प्रिंटेड पोस्टर पर रोक, हाथ से बने पोस्टर की अनुमति
बैठक में स्पष्ट किया गया कि कॉलेज परिसर अथवा उसके बाहर किसी भी प्रकार के प्रिंटेड पोस्टर नहीं लगाए जाएंगे। प्रचार-प्रसार के लिए केवल हाथ से बनाए गए पोस्टर और पंपलेट का इस्तेमाल किया जा सकेगा। कॉलेज परिसर की सड़क से बाहर किसी भी तरह की रैली का आयोजन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। रात के समय कॉलेज परिसर में घूमने या प्रचार-प्रसार करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
लिंगदोह कमेटी की निर्देशिका बांटी
बैठक के बाद सभी उपस्थित संभावित दावेदारों को लिंगदोह कमेटी और विश्वविद्यालय की ओर से जारी संविधान की निर्देशिका वितरित की गई। दावेदारों से नियमों के पालन को लेकर हस्ताक्षर भी करवाए गए। पुलिस-प्रशासन ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा।
बैठक में ये रहे मौजूद
बैठक में प्राचार्य एनएस बनकोटी, सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी, सीओ सिटी एवं एएसपी अमित कुमार, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी सुरेंद्र सिंह रौतेला, डॉ. मनीषा तिवारी, डॉ. एलएम पांडे, डॉ. एसके श्रीवास्तव, डॉ. एचएस भाकुनी, ज्ञानेंद्र शर्मा, विजय मेहता, कृपाल सिंह, मनोज कुमार समेत अन्य मौजूद रहे।

