

देहरादून(आरएनएस)। प्रेमनगर के कोल्हूपानी क्षेत्र में मामूली कहासुनी पर दबंगों ने दो युवकों पर हमला कर दिया। आरोपियों ने लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से जमकर मारपीट की और एक युवक के गले से सोने की चेन भी छीनकर ले गए। मामले में रविवार को प्रेमनगर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसओ प्रेमनगर गिरीश नेगी ने बताया कि जामुनवाला निवासी सोहन सिंह थापली ने तहरीर दी। उनका कहना है कि 31 अक्तूबर की रात वह कोल्हूपानी लोअर में प्रभात की दुकान के पास खड़े थे। तभी वहां मौजूद अमित डबराल और अभिषेक बेवजह उनसे उलझ गए और गाली-गलौज करते हुए मारपीट पर उतारू हो गए। जब सोहन ने मदद के लिए शोर मचाया तो वहां से गुजर रहे नीरज तोमर उर्फ चिंटू ने उन्हें बचाने की कोशिश की। आरोप है कि नीरज के बीच-बचाव करने पर अमित डबराल ने फोन कर अपने कुछ अन्य साथियों को भी मौके पर बुला लिया। इसके बाद सभी ने मिलकर सोहन और नीरज पर लाठी-डंडों, लात-घूंसों और ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। इसी दौरान दबंगों ने नीरज के गले से सोने की चेन भी झपट ली और उन्हें अधमरा छोड़कर फरार हो गए। एसओ नेगी ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। घटना स्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर मामले की जांच की जा रही है।



