

बागेश्वर। पूर्व नगरपालिका सभासद एवं अधिवक्ता धीरेंद्र परिहार का 16 दिन बाद भी कोई सुराग नहीं मिलने पर सोमवार को परिजनों और स्थानीय लोगों का आक्रोश सड़कों पर उतर आया। आक्रोशित लोगों ने नुमाइश मैदान से जुलूस निकालकर एसबीआई तिराहे पर चक्काजाम किया और पुलिस-प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द अधिवक्ता को सकुशल बरामद नहीं किया गया तो आंदोलन तेज किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान अंकुर उपाध्याय और मनोज बचखेती ने कहा कि धीरेंद्र परिहार को लापता हुए 16 दिन बीत चुके हैं, लेकिन पुलिस अब तक उनका पता नहीं लगा पाई है। सीसीटीवी फुटेज खंगालने और तलाश अभियान चलाने के दावों के बावजूद कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका है। इससे परिजनों की चिंता लगातार बढ़ रही है।
सूचना पर मौके पर पहुंचे कोतवाली प्रभारी अनिल उपाध्याय ने प्रदर्शनकारियों को समझाते हुए बताया कि अधिवक्ता की तलाश में पुलिस की कई टीमें जुटी हैं। उन्होंने कहा कि मामले की जांच करीब 60 प्रतिशत पूरी हो चुकी है और जल्द ही लापता अधिवक्ता का पता लगा लिया जाएगा। पुलिस के आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारियों ने एसबीआई तिराहे से जाम हटा लिया और आंदोलन 15 घंटे के लिए स्थगित कर दिया।
प्रदर्शन के दौरान धीरेंद्र परिहार की मां नंदी परिहार, विधायक पार्वती दास, भास्कर दास, यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष गोकुल सिंह परिहार, विजय परिहार, मयंक खेतवाल, सभासद विक्की सुयाल, भाजपा जिला मंत्री मनोज ओली, सुरेंद्र खेतवाल, अनुज साह गंगोला, राहुल साह, दीपक मिश्रा, अमित डसीला, देव अधिकारी, गौरव गड़िया, कवि जोशी, राजेश रौतेला, विनोद भट्ट और तरुण कन्याल सहित कई लोग मौजूद रहे।
उधर, अधिवक्ता धीरेंद्र परिहार का पता नहीं चलने पर अधिवक्ताओं ने भी नाराजगी जताई। अधिवक्ताओं ने कार्य बहिष्कार कर कोतवाली पहुंचकर पुलिस से मुलाकात की और मामले को गंभीरता से लेते हुए लापता अधिवक्ता की तलाश तेज करने की मांग की।




