


एनटीडी से शिखर तिराहे तक एलआर साह रोड पर यातायात में आंशिक बदलाव, डोला यात्रा के दौरान माल रोड और एलआर साह रोड पर वाहनों का आवागमन रहेगा प्रतिबंधित
यातायात व्यवस्था में किया गया आंशिक बदलाव
अल्मोड़ा। मां नंदा देवी मेले के दौरान नगर में यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए अल्मोड़ा पुलिस ने रूट एवं डायवर्जन प्लान जारी किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके के निर्देश पर 16 से 23 सितंबर तक एलआर साह रोड पर एनटीडी से शिखर तिराहे तक यातायात व्यवस्था में आंशिक परिवर्तन किया गया है।
दन्या-पिथौरागढ़ से आने वाले वाहनों का रूट
दन्या और पिथौरागढ़ से अल्मोड़ा या हल्द्वानी की ओर आने वाले सभी चौपहिया वाहन एनटीडी तिराहा, धारानौला और करबला होते हुए अपने गंतव्य की ओर जाएंगे। वहीं बागेश्वर से अल्मोड़ा आने वाले चौपहिया वाहन एनटीडी से धारानौला-करबला अथवा एनटीडी से लक्ष्मेश्वर-पांडेखोला मार्ग से जाएंगे।
एलआर साह रोड पर चौपहिया वाहनों के लिए प्रतिबंध
एलआर साह रोड पर एनटीडी से शिखर की ओर जाने वाले चौपहिया वाहनों का आवागमन सुबह के समय पूर्ववत रहेगा। इसके बाद मेले की अवधि में समाप्ति तक इस मार्ग पर चौपहिया वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। दोपहिया वाहनों का संचालन शिखर से साई मंदिर और साई मंदिर से शिखर के बीच भीड़ की स्थिति के अनुसार किया जाएगा।
स्कूल वाहनों के लिए भी बदला रूट
पूर्व में एलआर साह रोड पर आवागमन की अनुमति प्राप्त स्कूल वाहनों को स्कूल बंद होने के समय वापसी में साई मंदिर से शिखर की ओर नहीं आना होगा। ऐसे वाहन एनटीडी की ओर जाएंगे। धारानौला रोड, माल रोड और लोअर माल रोड पर यातायात व्यवस्था पूर्व की भांति यथावत रहेगी।
डोला यात्रा के दौरान पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा आवागमन
मां नंदा-सुनंदा देवी के भव्य डोला यानी पालकी यात्रा के दौरान एलआर साह रोड और माल रोड पर सभी चौपहिया एवं दोपहिया वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
निर्धारित पार्किंग में ही खड़े करें वाहन
अल्मोड़ा पुलिस ने नगर में प्रवेश करने वाले वाहन चालकों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करने की अपील की है। सड़क किनारे वाहन खड़ा करने पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने वाहन चालकों से मेले के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।

