

रुद्रपुर(आरएनएस)। पुलिस ने चाचा पर फायरिंग के आरोपी भतीजे को तमंचा, कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी ने 31 अक्तूबर को भूमि विवाद में चाचा पर तमंचे से जानलेवा फायर कर दिया था। 31 अक्तूबर को ग्राम ड्योढार में जमीन के विवाद को लेकर आरोपी प्रभदीप सिंह उर्फ पब्बा ने अपने चाचा इंद्रजीत सिंह के साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देते हुए देशी तमंचे से फायर किया गया था। फायरिंग में गोली इंद्रजीत सिंह के दाहिने हाथ की उंगली को छूकर निकल गई। घटना के बाद अभियुक्त मौके पर तमंचा छोड़कर मोटरसाइकिल से फरार हो गया था।
इंद्रजीत सिंह की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। इंद्रजीत सिंह ने पूछताछ के दौरान पुलिस को बताया कि प्रभदीप सिंह ने अपने हिस्से की कुछ जमीन गांव के व्यक्ति सतनाम सिंह को बेच दी थी तथा वह अपने छोटे भाई लवदीप सिंह के हिस्से की लगभग आधा बीघा जमीन भी सतनाम सिंह को बेचना चाहता था। उक्त जमीन को बेचने से रोकने के उद्देश्य से लवदीप सिंह से कहकर उक्त जमीन ठेके पर ले ली गई थी तथा उसमें खेती का कार्य प्रारंभ करने की तैयारी की जा रही थी। इसी बात से प्रभदीप सिंह चिढ़ गया, उसकी मंशा उक्त जमीन को सतनाम सिंह को बेचने की थी, जो पूरी नहीं हो पा रही थी। प्रभदीप सिंह ने पुलिस को बताया कि उसके पिता की मृत्यु हो चुकी है। उसका छोटा भाई लवदीप सिंह अभी नाबालिग है। उसके चाचा इंद्रजीत सिंह उसकी जमीन पर जबरदस्ती कब्जा करना चाहते थे। डरा-धमका कर दबाव बना रहे थे। चाचा से जमीन पर कब्जा रोकने के लिए फायर किया। टीम में कोतवाल कोतवाल सुंदरम शर्मा, एसएसआई जावेद मलिक, एसआई दीपक कौशिक, महेश राम, हरीश कुमार, संदीप सजवाल, विजय कुमार, सचिन कुमार, इमदाद मौजूद रहे।



