

हरिद्वार(आरएनएस)। शहर कोतवाली क्षेत्र में सर्वानंद घाट के पास गुरुवार सुबह एक व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस के मुताबिक, शरीर पर निशान मिले हैं। जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। साथ ही पुलिस रोड एक्सीडेंट सहित सभी पहलुओं से जांच कर रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल भेज दिया। घाट के समीप शव पड़े होने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान मृतक की गर्दन के पीछे और गले के चोट के निशान पाए गए। पुलिस प्रारंभिक जांच में घटना को आपसी विवाद और पुरानी रंजिश से जोड़कर देख रही है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल मोर्चरी में रखवा दिया है। मृतक की उम्र करीब 40 से 45 वर्ष के बीच बताई जा रही है। उसके कपड़ों और जूतों की स्थिति को देखते हुए पुलिस उसके किसी संभ्रांत परिवार से होने की संभावना भी जता रही है। मृतक की पहचान के लिए पुलिस आसपास के क्षेत्रों में जानकारी जुटाने के साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कि जांच चल रही है। वहीं सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया कि मृतक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

