

रुड़की(आरएनएस)। जनगणना 2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों के तहत नगर पालिका परिषद मंगलौर सभागार में सुपरवाइजरों और प्रगणकों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण रविवार को संपन्न हो गया। प्रशिक्षण के अंतिम बैच में 47 कार्मिकों को जनगणना कार्य से जुड़ी विभिन्न जानकारियां दी गईं। इस दौरान स्थानीय पुलिस ने प्रशिक्षण स्थल पर पहुंचकर कार्मिकों को सुरक्षा संबंधी जानकारी दी और आपातकालीन सेवा के दूरभाष नंबर साझा किए। जनगणना चार्ज अधिकारी सुभाष चंद्र ने बताया कि 15 नवंबर से 30 नवंबर तक भारत सरकार के पोर्टल पर स्वगणना का विकल्प उपलब्ध रहेगा। इसके बाद एक दिसंबर से चार जनवरी तक प्रगणक घर-घर जाकर जनसंख्या की गणना करेंगे। मंगलौर चार्ज जनगणना सहायक वसीम अब्बासी ने बताया कि इससे पहले दो बैचों में 100 प्रशिक्षुओं को प्रशिक्षण दिया जा चुका है।अब तीसरे बैच में 47 कार्मिकों को प्रशिक्षित किया गया है। उन्होंने बताया कि जनगणना के अंतिम दिन पूरे देश में शाम छह बजे से रात 12 बजे तक बेघर लोगों, सड़क किनारे रहने वाले लोगों और भिक्षुओं की भी गणना की जाएगी। चार्ज जनगणना अधिकारी उत्तम सिंह नेगी ने नगरवासियों से 15 नवंबर से शुरू होने वाली स्वगणना में बढ़-चढ़कर भाग लेने और जनगणना कर्मियों का सहयोग करने की अपील की। इस अवसर पर जिला फील्ड ट्रेनर रवि कुमार गोस्वामी, प्रीति चौहान, संदीप कुमार, वसीम अब्बासी, अखलाक अहमद, आरिफ काजमी, शाहबाज, खुर्शीद आलम, सरवत हसन और राकेश कुमार आदि मौजूद रहे।



