

रुड़की। शादी से इनकार करने के बावजूद एक युवक पर युवती के नाम से फर्जी मैरिज सर्टिफिकेट तैयार कराने और समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के तहत विवाह पंजीकरण कराने का आरोप लगा है। आरोप है कि युवक ने दस्तावेज भरवाने के बहाने युवती से ओटीपी हासिल किया और एआई की मदद से शादी की तस्वीर भी तैयार कर ली। इसके बाद से वह युवती को लगातार ब्लैकमेल कर रहा है। पीड़ित पक्ष ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
क्षेत्र के एक गांव निवासी ग्रामीण ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि छह सितंबर की शाम करीब साढ़े छह बजे एक व्यक्ति का फोन आया। उसने युवती की शादी 25 अगस्त को डाडा जलालपुर निवासी एक युवक से कोर्ट मैरिज के माध्यम से होने की जानकारी दी। इसके बाद युवती के पिता को बुलाकर इस संबंध में बताया गया। पिता ने जब बेटी से शादी के बारे में पूछा तो उसने शादी करने से साफ इनकार कर दिया।
तहरीर में आरोप लगाया गया है कि युवक ने फर्जी तरीके से मैरिज प्रमाणपत्र तैयार कराया, जबकि युवती ने न तो मंदिर में शादी की और न ही कोर्ट मैरिज की थी। आरोप है कि युवक ने ग्रुप-डी का फॉर्म भरने के बहाने युवती से दस्तावेज लिए थे। इसी दौरान बिजली बिल में छूट दिलाने के नाम पर उससे ओटीपी भी हासिल कर लिया। इसके बाद एआई की मदद से शादी की तस्वीर तैयार कर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर यूसीसी में विवाह पंजीकरण करा दिया।
आरोप है कि पंजीकरण के बाद से ही युवक युवती को ब्लैकमेल कर रहा है। कोतवाली प्रभारी प्रवीण कोश्यारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।



