
मनमोहक झांकियों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और लोकगीतों ने बांधा समां
पौड़ी(आरएनएस)। रिजर्व पुलिस लाइन पौड़ी में शुक्रवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर पुलिस परिवार की ओर से भव्य एवं रंगारंग जन्माष्टमी महोत्सव का आयोजन किया गया। धार्मिक आस्था, पारिवारिक आत्मीयता और उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति के रंगों से सजी इस शाम में पुलिस परिवार के बच्चों से लेकर बड़ों तक ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।कार्यक्रम का शुभारंभ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार एवं उनकी पत्नी नेहा पंवार ने दीप प्रज्वलित कर किया। दीप प्रज्वलन के साथ ही पुलिस लाइन परिसर श्रीकृष्ण के जयघोष और भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा। इसके बाद भजन-संध्या और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का सिलसिला शुरू हुआ। पुलिस परिवार के बच्चों तथा विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने गीत, नृत्य और अन्य प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।महोत्सव का विशेष आकर्षण उत्तराखंड के प्रसिद्ध लोकगायक साहब सिंह रमोला और आकांक्षा रमोला समेत कलाकारों की टीम की प्रस्तुतियां रहीं। कलाकारों ने गढ़वाली और कुमाऊंनी लोकगीतों तथा लोकनृत्यों की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में पहाड़ की संस्कृति की खुशबू बिखेर दी। मधुर लोकधुनों पर पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, उनके परिजन और दर्शक झूमते नजर आए।श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के लिए पुलिस लाइन स्थित मंदिर परिसर में पुलिस परिवार की ओर से विशेष रूप से सजाई गई श्रीकृष्ण की झांकी भी आकर्षण का केंद्र रही। झांकी देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। बच्चों में भी जन्माष्टमी को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया।एसएसपी सर्वेश पंवार ने कार्यक्रम में मौजूद जनप्रतिनिधियों, पत्रकारों, कलाकारों, पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों और उनके परिजनों का आभार व्यक्त करते हुए सभी को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी प्रतिभागियों और पुलिस परिवार के सदस्यों की सराहना की।उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी वर्षभर अपनी ड्यूटी और जिम्मेदारियों में व्यस्त रहते हैं। ऐसे आयोजन पुलिस परिवारों को एक साथ आने, आपसी आत्मीयता बढ़ाने और बच्चों की प्रतिभाओं को मंच देने का अवसर प्रदान करते हैं।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज कुमार ठाकुर, पुलिस अधीक्षक संचार अनूप काला, क्षेत्राधिकारी पौड़ी तपेश कुमार चन्द, क्षेत्राधिकारी कोटद्वार अस्मिता मंमगाई, मुख्य अग्निशमन अधिकारी राजेंद्र खाती समेत अन्य पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, उनके परिजन और बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे।
श्रीकृष्ण की मनमोहक झांकी, बच्चों की प्रस्तुतियां, पहाड़ की लोकधुनों की मिठास और पुलिस परिवार के उत्साह ने जन्माष्टमी समारोह को यादगार बना दिया।

