


अल्मोड़ा। मल्ला महल में 30 अक्टूबर से 1 नवंबर तक तीन दिवसीय आजीविका सरस मेले का आयोजन किया जाएगा। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और ग्राम्य विकास विभाग के तत्वावधान में आयोजित मेले में महिला स्वयं सहायता समूहों, स्थानीय किसानों, ग्रामीण उद्यमियों और कारीगरों के उत्पादों की प्रदर्शनी एवं बिक्री की जाएगी। मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा ने बताया कि मेले में स्थानीय उत्पादों, पहाड़ी खाद्य पदार्थों, हस्तशिल्प और पारंपरिक वस्तुओं को प्रदर्शित किया जाएगा। इसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा देना, महिला स्वयं सहायता समूहों की आजीविका मजबूत करना तथा स्थानीय उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि मेले से ग्रामीण महिलाओं और स्थानीय उत्पादकों को अपने उत्पादों के प्रचार-प्रसार एवं विपणन का अवसर मिलेगा, जिससे उनकी आय बढ़ाने में मदद मिलेगी। यह आयोजन ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। मुख्य विकास अधिकारी ने जनपदवासियों से 30 अक्टूबर से 1 नवंबर तक मल्ला महल पहुंचकर स्थानीय उत्पादों की खरीदारी करने और महिला स्वयं सहायता समूहों, किसानों तथा ग्रामीण उद्यमियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।




