


कोटद्वार(आरएनएस)। कोटद्वार से पौड़ी जा रही गढ़वाल मोटर ओनर्स यूनियन (जीएमओयू) की बस बुधवार को एनएच पर दुगड्डा से करीब 10 किमी आगे भदालीखाल के पास अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जाकर एक पेड़ पर जा अटकी। बस में चालक समेत करीब 30 यात्री सवार थे। बस के अनियंत्रित होकर गिरने से सवारियों में चीख पुकार मच गई। गनीमत रही कि बस खाई में एक पेड़ पर अटक गई। एक-दो यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही गुमखाल और दुगड्डा से पुलिस बल मौके पर पहुंचा। जानकारी के अनुसार, जीएमओयू की बस बुधवार दोपहर करीब एक बजे कोटद्वार से पौड़ी-श्रीनगर के लिए रवाना हुई थी। बस को कोटद्वार निवासी वाहन चालक अशोक ममगाईं चला रहे थे। चालक के मुताबिक, बस में करीब 30 यात्री सवार थे। दुगड्डा से आगे गुमखाल के बीच भदालीखाल के पास भेल्डा बैंड पर अचानक बस का प्रेशर पाइप फट गया। इससे बस आगे नहीं बढ़ सकी। सड़क पर पीछे की ओर ढलान होने के कारण बस अनियंत्रित हो गई और बाईं ओर स्थित खाई में जा गिरी। इस दौरान बस एक भारी भरकम चीड़ के पेड़ से टकराकर रुक गई। हादसे की सूचना मिलते ही दुगड्डा चौकी, गुमखाल चौकी और कोतवाली लैंसडौन से पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिसकर्मियों ने राहत एवं बचाव कार्य चलाकर बस में सवार यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। इस दौरान दुगड्डा चौकी इंचार्ज उपनिरीक्षक केडी शर्मा, सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी एसपी सती ने यात्रियों का हालचाल जाना। पुलिस ने अन्य वाहनों से यात्रियों को गंतव्य के लिए रवाना किया। बस के पेड़ से टकराकर रुक जाने और सभी यात्रियों के सुरक्षित बाहर निकलने से लोगों ने राहत की सांस ली।



