


रुद्रपुर(आरएनएस)। तीन पानी डैम स्थित शिमला बहादुर रोड पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी द्वार के समीप लंबे समय से अधूरे पड़े पुल का निर्माण पूरा कराने की मांग को लेकर ब्रजवासी गौ रक्षक सेना भारत ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी कार्यालय में ज्ञापन सौंपा। संगठन ने पुल अधूरा होने से स्थानीय ग्रामीणों, स्कूली बच्चों, मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं और गौशाला के वाहनों को आवागमन में परेशानी होने की बात कही। साथ ही संबंधित विभाग को निर्देश देकर निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने की मांग की। ज्ञापन में संगठन ने बताया कि पुल पर अभी केवल पिलर खड़े हैं और सरिये खुले पड़े हैं, जबकि स्लैब का निर्माण नहीं हुआ है। इसके अलावा नाले में कचरा और गंदगी जमा होने से पानी का बहाव भी अवरुद्ध हो रहा है। इससे आसपास के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि बरसात के दौरान अधूरे पुल और नाले की स्थिति और अधिक खतरनाक हो जाती है। ऐसे में किसी दुर्घटना की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने प्रशासन से मामले का संज्ञान लेकर संबंधित विभाग के माध्यम से पुल का निर्माण जल्द पूरा कराने और नाले की सफाई कराने की मांग की। इस दौरान ब्रजवासी गौ रक्षक सेना भारत के राष्ट्रीय सचिव प्रेम किशोर गंगवार और राष्ट्रीय अध्यक्ष संत प्रकोष्ठ शिवानंद जी महाराज मौजूद रहे।



