

कोटद्वार। कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने मंगलवार को रसिया महादेव में 3.88 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित पर्यटक गेस्ट हाउस का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विकास योजनाओं का शिलान्यास भी किया। महाराज ने कहा कि बीरोंखाल क्षेत्र में सड़क, शिक्षा, सिंचाई, पर्यटन और जल संरक्षण से जुड़ी कई योजनाओं पर काम किया गया है।
उन्होंने बताया कि बीरोंखाल में 1.33 करोड़ रुपये की लागत से कक्षा-कक्षों का निर्माण कराया गया है, जबकि जीजीआईसी में 72.02 लाख रुपये की लागत से भवन तैयार हुआ है। पॉलीटेक्निक में कंप्यूटर साइंस ट्रेड को भी स्वीकृति दी गई है।
सड़क सुविधाओं के तहत बीरोंखाल-केदारगली-नौलापुर सात किलोमीटर मोटर मार्ग का नवनिर्माण कराया गया है। बीरोंखाल-रगड़ीगाड मोटर मार्ग के पार्ट-2 स्टेज-1 तथा डुमैला तल्ला से भैरौली मल्ला-तल्ला मोटर मार्ग का कार्य भी कराया गया है। दीवा डांडा-बीरोंखाल-बैजरो मोटर मार्ग पर करीब 13 करोड़ रुपये के कार्य किए गए हैं।
महाराज ने बताया कि सिसई लिफ्ट सिंचाई योजना का विस्तार किया गया है। मटकुंडा गांव के संपर्क मार्ग तथा बीरोंखाल-डुमैला तल्ला-भमरईखाल-पखोली-दुनाव मार्ग के लिए करीब 1.33 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। डुमैला तल्ला और डुमैला मल्ला में पंचायत भवनों का निर्माण भी कराया गया है।
उन्होंने कहा कि बीरोंखाल मुख्यालय स्थित पर्यटक आवास गृह का विस्तार किया गया है और धोबीघाट गांव को भी मोटर मार्ग से जोड़ा गया है। किसानों के लिए सिंचाई एवं संरक्षित खेती की सुविधाएं विकसित करने के साथ जल संरक्षण के लिए रिचार्ज पिट और चेकडैम भी बनाए गए हैं।



