


देव पालकियों और निशानों का कराया गया देव स्नान, महासू महाराज के जयकारों और पारंपरिक हारुल से भक्तिमय हुआ माहौल
महासू मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
विकासनगर। महासू धाम हनोल में लूंग चढ़ाने के साथ शुरू हुए आस्था के महापर्व जागड़ा की पूरे जौनसार-बावर क्षेत्र में धूम रही। जागड़ा पर्व के दूसरे दिन सुबह से ही क्षेत्र के महासू मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी। श्रद्धालु टोलियों में महासू वंदना और हारुल गाते हुए मंदिरों में पहुंचे। महासू महाराज के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंजता रहा।
देव पालकियों और निशानों का हुआ देव स्नान
महासू मंदिर थैना, टुंगरा, पंचरा, भंजरा, कोटी, कोटूवा, अष्टि, कोरवा, क्वारना, टगरी, बुरास्वा समेत विभिन्न गांवों में श्रद्धा, आस्था और लोक संस्कृति का संगम देखने को मिला। देव लग्न के अनुसार देव पालकियों और निशानों को देव नायणी यानी देव स्नान के लिए बाहर निकाला गया। पालकियों और निशानों के बाहर आते ही श्रद्धालुओं की भीड़ दर्शन के लिए उमड़ पड़ी।
देव वाद्य यंत्रों के साथ पहुंचे देव स्रोत
कई श्रद्धालुओं पर इस दौरान देवता अवतरित हुए। देव वाद्य यंत्रों की थाप के बीच देव पालकी, डोरिये, निशान और देव चिन्हों को श्रद्धालु देव स्रोतों तक ले गए। यहां विधि-विधान से देव पालकियों को देव स्नान कराया गया। इसके बाद देव चिह्नों को मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए रखा गया। भक्तों ने देव दर्शन कर मन्नतें मांगीं और मंदिरों में भंडारे का प्रसाद भी ग्रहण किया।
हारुल नृत्य से भक्तिमय हुआ माहौल
जागड़ा पर्व के दौरान महिलाओं ने पारंपरिक हारुल नृत्य किया। श्रद्धालु देव गीतों पर नाचते-झूमते नजर आए और मंदिरों के प्रांगण में देव हारुल पर नृत्य कर ईष्ट देव को नमन किया। श्रद्धालुओं ने सुख-समृद्धि की कामना की। छत्रधारी चालदा महासू महाराज मंदिर दसऊ में जौनसार-बावर के साथ हिमाचल प्रदेश से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे।
लंबे समय से चली आ रही है परंपरा
भादो मास में जौनसार-बावर के आराध्य देव महासू महाराज का जागड़ा पर्व मनाने की परंपरा लंबे समय से चली आ रही है। इसे क्षेत्र का सबसे बड़ा पर्व माना जाता है। जौनसार-बावर में देव पालकियों और देव चिह्नों को देव स्नान कराने की अनूठी परंपरा है। प्रत्येक देवता को परंपरा के अनुसार निर्धारित समय पर देव स्नान कराया जाता है। जागड़ा पर्व को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह बना हुआ है।

