
रुद्रपुर(आरएनएस)। अग्निशमन विभाग के प्रभारी अधिकारी ने नगर के दो चिकित्सीय और दो अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान एक अस्पताल को छोड़कर एक क्लीनिक और दो अन्य प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा के इंतजाम मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए। विभाग ने तीनों प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी कर अग्नि सुरक्षा व्यवस्था शीघ्र दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं। प्रभारी अग्निशमन अधिकारी राजेंद्र सिंह के नेतृत्व में मंगलवार को फायर स्टेशन की टीम ने कंजाबाग रोड स्थित प्रेमजी हॉस्पिटल, डॉ. यामिनी भंडारी क्लीनिक, सितारगंज रोड स्थित शुभम टायर रिपेयरिंग कंपनी और इस्लामनगर स्थित आयशा ट्रेडर्स का निरीक्षण किया।इस दौरान अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता व कार्यशीलता, आपातकालीन निकास मार्ग, बिजली वायरिंग की स्थिति, अग्नि सुरक्षा मानकों के अनुपालन, फायर अलार्म सिस्टम की व्यवस्थाओं का परीक्षण किया गया। निरीक्षण में प्रेमजी हॉस्पिटल को छोड़कर अन्य तीन प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था मानकों के अनुरूप नहीं मिली। इस पर विभाग ने संबंधित प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी कर आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए। निरीक्षण दल में फायरमैन त्रिभुवन प्रसाद, फायर वूमन निकिता मेहता और कमल सिंह भी शामिल रहे।

