

रुद्रपुर(आरएनएस)। कीरतपुर में दो प्रमुख सड़कों की बदहाली को लेकर ग्रामीणों की ओर से वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव के बहिष्कार की चेतावनी देने के करीब एक घंटे बाद ही मेयर विकास शर्मा गांव पहुंच गए। उन्होंने ग्रामीणों के साथ दोनों सड़कों का निरीक्षण किया और लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) के अधिकारियों से फोन पर वार्ता कर जल्द कार्रवाई के निर्देश दिए। मेयर ने आनंदम गार्डन वाली सड़क और जैन ग्लोबल स्कूल वाली मुख्य सड़क की स्थिति का जायजा लिया। ग्रामीणों ने उन्हें बताया कि सड़कों की बदहाली के कारण आवागमन में परेशानी हो रही है। इस पर मेयर ने आनंदम गार्डन रोड पर स्थायी निर्माण होने तक पैचिंग कर गड्ढे भरने और जैन ग्लोबल स्कूल वाली सड़क का निर्माण जल्द शुरू कराने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया। मेयर ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने का अभियान चलाया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं का समाधान भी प्राथमिकता से कराया जाएगा। मौके पर पहुंचकर समस्या सुनने और अधिकारियों से वार्ता करने पर ग्राम प्रधान आशीष यादव सहित ग्रामीणों ने मेयर का आभार जताया। इस दौरान पार्षद पवन राणा, नामित पार्षद संदीप वाल्मीकि, बीनू, राजन राठौर, गौरव जुयाल, प्रवीण यादव, विपिन सैनी, वेद प्रकाश सूर्यवंशी, सुमंता कुमार, कान्हू चरण, छोटे लाल शुक्ला, तपस, रणधीर मलिक, रिंटू, अंतर्यामी, पंकज सिंह, तरुण शर्मा, अनुज द्विवेदी, सन्नी धवन, राम बाबू, जसवीर बसरा, काकू, दिनेश भोज, जसविंदर सिंह, दीप चंद्र जोशी, लोकेंद्र मलिक, भवन सिंह, अनिल लोहनी, आनंद, नीरज, अनुज सैनी, रोहित शर्मा, राम सिंह, आशीष शाह और रामप्रवेश पांडेय सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।



