

रुद्रपुर(आरएनएस)। आंधी-तूफान और भारी ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान के बाद किसानों को मुआवजा दिलाने की मांग को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शनिवार को कलेक्ट्रेट में सांकेतिक प्रदर्शन किया। किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष हरेन्द्र सिंह लाडी और कांग्रेस जिलाध्यक्ष हिमांशु गावा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर प्रभावित किसानों को राहत देने की मांग की। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि तीन दिन के भीतर सकारात्मक कार्रवाई नहीं होने पर जिलेभर में व्यापक आंदोलन शुरू किया जाएगा। ज्ञापन में कहा गया कि प्राकृतिक आपदा से धान, गन्ने और अन्य फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है, जिससे किसान आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। कांग्रेस ने बर्बाद धान की फसल के लिए 50 हजार रुपये प्रति एकड़ मुआवजा देने, गन्ने समेत अन्य प्रभावित फसलों के नुकसान की भरपाई करने और किसानों के बिजली बिल माफ करने की मांग की। इसके अलावा आगामी पेराई सत्र के लिए गन्ने का समर्थन मूल्य 700 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित करने की मांग उठाई गई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि उत्तराखंड की सभी चीनी मिलों को नवंबर के प्रथम सप्ताह में अनिवार्य रूप से चालू कराया जाए, ताकि किसान समय पर गन्ने की आपूर्ति कर खेत खाली कर सकें और गेहूं की बुवाई शुरू कर सकें। इस दौरान पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल, किसान कांग्रेस जिलाध्यक्ष सोनू कंग, राजेंद्र सिंह, त्रिनाथ विश्वास, चेतन मांगट, किशोर हाल्दार, शराफत अली मंसूरी, अंकुर चावला, विक्रमजीत सिंह, प्रीति साना, मोनिका ढाली, उमा सरकार, हरभजन सिंह, गुरबक्श सिंह, नवदीप कंग, ललित बिष्ट और केरू मंडल सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।



