
रुद्रपुर(आरएनएस)। शहर के बिगवाड़ा क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति के आईसीआईसीआई बैंक के क्रेडिट कार्ड से 1.39 लाख रुपये की अनधिकृत ऑनलाइन ट्रांजेक्शन का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली रुद्रपुर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी तहरीर में जे-58, फेज-4, देव होम्स, बिगवाड़ा निवासी सुरेन्द्र पाठक पुत्र स्व. हरीश चन्द्र पाठक ने बताया कि 25 जून को उनके आईसीआईसीआई बैंक के क्रेडिट कार्ड से 1,39,980 रुपये की अनधिकृत ऑनलाइन ट्रांजेक्शन कर ली गई। जानकारी मिलते ही उन्होंने साइबर हेल्पलाइन 1930 और राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई, लेकिन अब तक धनराशि वापस नहीं मिल सकी।
पीड़ित ने कोतवाली पुलिस से एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच कराने और साइबर ठगी से निकाली गई राशि वापस दिलाने की मांग की है। कोतवाल प्रकाश दानू ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

