

रुद्रपुर(आरएनएस)। नेपाल से तस्करी कर वाहन से अवैध रूप से भारत लाए जा रहे 7.5 कुंतल चीनी अखरोट एसएसबी जवानों ने पकड़ लिए। वाहन चालक भाग निकला। पकड़ा गया माल एसएसबी ने अग्रिम कार्रवाई के लिए सीमा शुल्क कार्यालय को सौंप दिया है। रविवार को नेपाल सीमा क्षेत्र मेलाघाट में एसएसबी को सूचना मिली कि नेपाल से तस्करी कर चीनी अखरोट भारत लाए जा रहे हैं। इस पर एसएसबी के कंपनी कमांडर निरीक्षक मोहर सिंह ने एक विशेष नाका/गश्ती दल का गठन किया। गश्ती दल निर्धारित क्षेत्र में पहुंचा, जहां एक कार तेज गति से आती दिखाई दी। एसएसबी दल ने वाहन का पीछा किया। इसी दौरान चालक वाहन को अशोक फार्म (लीची बाग) के पास खड़ा करके भाग निकला। तलाशी लेने पर वाहन और उसके आसपास के क्षेत्र में 75 बोरे (7.5 कुतल) चीनी अखरोट के बरामद किए गए। कुछ बोरे वाहन के अंदर मिले और कुछ पास के एक खेत में फेंके गए थे। जब्त किए गए वाहन और माल को एसएसबी कर्मियों ने अपने कब्जे में ले लिया। बाद में उसे खटीमा स्थित सीमा शुल्क कार्यालय को सौंप दिया।



