


अल्मोड़ा। अल्मोड़ा अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड ने अपने ग्राहकों के लिए मोबाइल बैंकिंग सेवा शुरू कर दी है। बैंक के प्रधान कार्यालय, लाला बाजार में संचालक गिरीश धवन और प्रबंध निदेशक एवं सीईओ पीसी तिवारी ने इस सेवा का शुभारंभ किया। बैंक के महाप्रबंधक (आईटी) धीरज पाठक ने बताया कि ग्राहक गूगल प्ले स्टोर से ‘अल्मोड़ा आईनेट’ मोबाइल बैंकिंग ऐप डाउनलोड कर इस सुविधा का लाभ ले सकते हैं। ऐप के माध्यम से ग्राहक अपने खाते से अन्य बैंकों में आरटीजीएस, एनईएफटी और आईएमपीएस के जरिए धनराशि स्थानांतरित कर सकेंगे। मोबाइल बैंकिंग सेवा के जरिए ग्राहक अपने खाते में जमा धनराशि से सावधि जमा (एफडी) और आवर्ती जमा (आरडी) भी खोल सकेंगे। इसके अलावा चेकबुक और एटीएम के लिए आवेदन करने के साथ ही खाते का विवरण भी प्राप्त कर सकेंगे। इस सेवा से संबंधित विस्तृत जानकारी बैंक की नजदीकी शाखा से ली जा सकती है। शुभारंभ के अवसर पर बैंक के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।




