
काशीपुर(आरएनएस)। थाना आईटीआई क्षेत्र में फाइनेंस रिकवरी के नाम पर दो डंपर चालकों के साथ मारपीट और तमंचे के बल पर नकदी लूटने के दो मामले सामने आए हैं। दोनों घटनाएं 18 जून को हुईं। पीड़ितों की तहरीर पर पुलिस ने सितारगंज निवासी नवजोत उर्फ लक्की और विक्की समेत अन्य अज्ञात साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पहले मामले में मुरादाबाद के मंगूपुरा निवासी आरिफ ने बताया कि उसका भाई नासिर रामनगर से रेता लेकर डंपर से मुरादाबाद जा रहा था। शाम करीब पांच बजे बल्ली ढाबा के पास दो कारों में सवार होकर पहुंचे नवजोत उर्फ लक्की और विक्की ने डंपर रुकवाया और फाइनेंस की किस्त बकाया होने का हवाला देकर वाहन यार्ड में खड़ा करने का दबाव बनाया। नासिर ने अपने भाई आरिफ को फोन कर सूचना दी। आरोप है कि आरिफ के मौके पर पहुंचने से पहले आरोपियों ने नासिर के साथ मारपीट की, तमंचा दिखाकर उसकी जेब से 11 हजार रुपये लूट लिए और जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। दूसरे मामले में नई बस्ती विजय नगर निवासी आलम ने बताया कि वह देर रात डंपर में रेता लेकर महुआखेड़ा की ओर जा रहा था। बांसखेड़ा पुल के नीचे दो कारों में आए लक्की और विक्की ने उसका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि उन्होंने डंपर की खिड़की खोलकर खुद को फाइनेंस रिकवरी से जुड़ा बताते हुए वाहन सीज करने की धमकी दी। विरोध करने पर तमंचा तानकर आलम के साथ मारपीट की और डैशबोर्ड में रखे 24 हजार रुपये लूट लिए। जाते समय आरोपियों ने पुलिस में शिकायत करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी। प्रभारी निरीक्षक विक्रम राठौड़ ने बताया कि दोनों मामलों में पीड़ितों की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपों की जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
