
रुद्रपुर(आरएनएस)। गोल मार्केट स्थित मैसर्स मैक्सएरोट्रोन प्राइवेट लिमिटेड के एक कर्मी पर विभिन्न फर्मों से कंपनी के लिए वसूले गए करीब 4.21 लाख रुपये के गबन का आरोप है। कंपनी के सेल्स मैनेजर की शिकायत के बाद भी पुलिस के कार्रवाई नहीं करने पर मामले में कोर्ट में प्रार्थना पत्र दिया गया। इस पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश पर कोतवाली रुद्रपुर में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। कंपनी के सेल्स मैनेजर महेंद्र पाल सिंह ने बताया कि खटीमा निवासी अर्चित अग्रवाल को कंपनी में चार जुलाई 2023 से डीएसओ बनाया गया था। आरोप है कि एक नवंबर 2025 के बाद अर्चित ने विभिन्न पार्टियों से कंपनी की करीब 4,21,950 रुपये धनराशि ली, लेकिन रकम कार्यालय में जमा नहीं की।
अर्चित ने यह रकम जमा नहीं करने की बात स्वीकार भी की है। आरोप है कि कंपनी की धनराशि का कथित रूप से दुरुपयोग कर उसे अपने उपयोग में लिया गया। मामले में 14 जनवरी 2026 को रुद्रपुर कोतवाली पुलिस को पंजीकृत डाक से शिकायत भेजी गई थी। कार्रवाई नहीं होने पर 17 जनवरी को एसएसपी को भी प्रार्थना पत्र दिया गया, लेकिन इसके बाद भी मुकदमा दर्ज नहीं हुआ। इसके बाद कंपनी की ओर से न्यायालय में प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया गया। न्यायालय के आदेश के बाद अब कोतवाली रुद्रपुर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
