
अल्मोड़ा। जिला व्यापार मंडल अल्मोड़ा के नेतृत्व में एक शिष्टमंडल ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर बाजार की व्यापारिक गतिविधियों से जुड़ी समस्याएं रखीं। व्यापारियों ने कहा कि कलेक्ट्रेट सहित विभिन्न सरकारी कार्यालयों के बाजार क्षेत्र से बाहर जाने से मुख्य बाजार में कर्मचारियों, आम जनता और आगंतुकों की आवाजाही प्रभावित हुई है, जिसका सीधा असर व्यापार पर पड़ रहा है। व्यापार मंडल ने जिला पंचायत से किसी भी सरकारी विभाग के स्थानांतरण पर चिंता जताते हुए कहा कि यदि ऐसा किया गया तो व्यापारी आंदोलन के लिए मजबूर होंगे। व्यापारियों ने कहा कि कलेक्ट्रेट के स्थानांतरण का असर पहले ही अल्मोड़ा के व्यापारियों और आम लोगों को झेलना पड़ रहा है। शिष्टमंडल ने जिलाधिकारी से मुख्य बाजार की व्यापारिक गतिविधियों को बनाए रखने और व्यापारियों के हित में आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया। इस दौरान जिलाध्यक्ष सुशील साह, नगर अध्यक्ष अजय वर्मा, नगर सहसचिव अश्विन नेगी, जिला उपाध्यक्ष विजय भट्ट, जिला मंत्री राकेश तिवारी, जिला संरक्षक संजीव गुप्ता, संयुक्त महामंत्री दिनेश मठपाल, जिला मंत्री कमल तिवारी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

