
अल्मोड़ा। लंबे समय से बदहाल सड़कों के डामरीकरण की मांग को लेकर कांग्रेसजनों और स्थानीय जनता की ओर से किए जा रहे आंदोलन के बीच माल रोड पर डामरीकरण का कार्य शुरू हो गया है। कांग्रेस ने इसे लगातार किए गए संघर्ष की जीत बताया है। अल्मोड़ा कांग्रेस संगठन नगर महामंत्री वैभव पांडे ने माल रोड पर डामरीकरण शुरू होने का स्वागत किया, लेकिन कहा कि उनकी मांग केवल माल रोड तक सीमित नहीं है। जेल रोड और धारानौला की ओर जाने वाली सड़क के डामरीकरण की मांग भी लंबे समय से उठाई जा रही है। कहा कि जब तक जेल रोड और धारानौला रोड पर भी डामरीकरण का कार्य शुरू नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन समाप्त नहीं किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर अल्मोड़ा की जनता को साथ लेकर दोबारा धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अल्मोड़ा की जनता को आधे-अधूरे समाधान के बजाय शहर की प्रमुख सड़कों का समुचित और गुणवत्तापूर्ण डामरीकरण चाहिए। जनता की समस्याओं को लेकर पार्टी आगे भी आवाज उठाती रहेगी।

