
अल्मोड़ा। जिले और शैक्षणिक संस्थानों में स्मैक एवं अन्य नशीले पदार्थों के बढ़ते प्रचलन तथा मवेशियों की आड़ में गौवंश की अवैध तस्करी की शिकायतों को लेकर विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के पदाधिकारियों ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने दोनों मामलों में प्रभावी कार्रवाई की मांग करते हुए एसएसपी को ज्ञापन सौंपा। वार्ता के दौरान बजरंग दल के प्रांत गौरक्षा प्रमुख अधिवक्ता विजय सिंह सिराड़ी ने जिले में बढ़ते स्मैक के नशे पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि नशे के कारण युवा वर्ग प्रभावित हो रहा है। उन्होंने नशीले पदार्थों की बिक्री और तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस निगरानी बढ़ाने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने भैंस, बकरी आदि मवेशियों की आड़ में गौवंश को अवैध रूप से ले जाने की शिकायतों का मुद्दा भी एसएसपी के समक्ष रखा। उन्होंने संदिग्ध वाहनों की नियमित जांच करने तथा गौवंश से संबंधित मामलों में कानून के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की। इस अवसर पर जिला कोषाध्यक्ष भानु प्रकाश जोशी, बजरंग दल सह-संयोजक वैभव जोशी, संजय भट्ट, विनोद भट्ट, हरीश लाल और विनोद आर्य मौजूद रहे।
