
देहरादून। राज्य सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से प्रदेश के सात जिलों में मुख्य चिकित्सा अधिकारियों की तैनाती की है। स्वास्थ्य सचिव विनय शंकर पांडेय की ओर से जारी आदेशों के तहत यह नियुक्तियां जनहित में की गई हैं। जारी आदेश के अनुसार अल्मोड़ा में डॉ. योगेश पुरोहित, नैनीताल में डॉ. रश्मि पंत, पिथौरागढ़ में डॉ. हरीश चंद्र पंत, पौड़ी में डॉ. मेघना असवाल, रुद्रप्रयाग में डॉ. अमित कुमार शुक्ला, टिहरी में डॉ. राम प्रकाश तथा उत्तरकाशी में डॉ. श्याम विजय को मुख्य चिकित्सा अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार इन नियुक्तियों का उद्देश्य स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करना, चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार लाना तथा आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। स्वास्थ्य सचिव ने उम्मीद जताई है कि नई तैनातियों से संबंधित जिलों में स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन में और सुधार होगा तथा लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा।
