
अल्मोड़ा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा के निर्देश पर चलाए जा रहे जनजागरूकता अभियान के तहत मंगलवार को दन्या पुलिस ने गांधी इंटर कॉलेज पनुवानौला में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में साइबर अपराध, नशा उन्मूलन, यातायात नियमों, महिला सुरक्षा तथा पुलिस सहायता सेवाओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में थानाध्यक्ष दन्या दिनेश नाथ महंत तथा चौकी प्रभारी जागेश्वर कमित जोशी ने विद्यार्थियों को बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, ओटीपी और बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा नहीं करने तथा सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने के लिए जागरूक किया। साथ ही साइबर अपराध होने पर साइबर हेल्पलाइन 1930 और साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी। पुलिस टीम ने डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर फ्रॉड के बारे में भी विद्यार्थियों को जागरूक किया। कार्यक्रम में उत्तराखंड पुलिस एप, गौरा शक्ति एप, हेल्पलाइन नंबरों, सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी भी भी दी गई। पुलिस ने किरायेदारों, घरेलू नौकरों और बाहरी व्यक्तियों का पुलिस सत्यापन कराने के लिए भी लोगों को जागरूक किया।
