

हरिद्वार(आरएनएस)। अभिनेत्री उर्मिला सनावर को अभी जेल में ही रहना होगा। रंगदारी और धमकी के मामले में उर्मिला की जमानत अर्जी पर गुरुवार को सुनवाई नहीं हो सकी। कोर्ट ने अब सुनवाई के लिए 31 अक्तूबर की तारीख तय की है। लोक अभियोजक धर्मेंद्र आर्य ने उर्मिला को जमानत नहीं मिलने की पुष्टि की है। लोक अभियोजक के मुताबिक, गुरुवार को रानीपुर कोतवाली पुलिस ने मामले से संबंधित जांच आख्या दाखिल करने के लिए अदालत से अतिरिक्त समय मांगा। इसी कारण जमानत अर्जी पर सुनवाई टाल दी गई। बता दें कि मामले में 24 अक्तूबर को ज्वालापुर के पूर्व विधायक सुरेश राठौड़ की बेटी दीपिका राठौड़ ने उर्मिला सनावर के खिलाफ रानीपुर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी।शिकायत में सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणियां करने, व्हाट्सएप कॉल के जरिए रविदास धाम की संपत्ति अपने नाम कराने और पांच करोड़ रुपये मांगने के आरोप लगाए गए। दीपिका ने शिकायत में मांग पूरी नहीं होने पर परिवार को जान से मारने की धमकी देने का आरोप भी लगाया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। इसके बाद 25 अक्तूबर को सहारनपुर से उर्मिला को गिरफ्तार किया गया। अदालत में पेशी के बाद उर्मिला को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में रोशनाबाद जिला कारागार भेज दिया गया था। अब उनकी जमानत अर्जी पर 31 अक्तूबर को सुनवाई होगी।



