

हरिद्वार(आरएनएस)। गंगा में सीवरयुक्त पानी गिरने के विरोध में चल रहे धरने का सिटी मजिस्ट्रेट ने संज्ञान लिया। उन्होंने नालों का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों से वार्ता के बाद टेपिंग कराने का आश्वासन दिया। गंगा में गिर रहे सीवरयुक्त गंदे नालों के विरोध में राष्ट्रीय सावक मंच के कार्यकर्ताओं के धरने के बाद सिटी मजिस्ट्रेट हरगिरि ने नालों का निरीक्षण किया। वह मंच के संयोजक चंद्रमोहन कौशिक के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति देखी। सिटी मजिस्ट्रेट ने कहा कि नालों का सीवरयुक्त पानी गंगा में नहीं गिरना चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से वार्ता कर नालों की टेपिंग कराने का आश्वासन दिया।मंच के संयोजक चंद्रमोहन कौशिक ने कहा कि गंगा करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। दो महीने बाद कुंभ का स्नान होना है, लेकिन सीवरयुक्त नालों के कारण गंगा प्रदूषित हो रही है। उन्होंने कहा कि जन्म से लेकर मृत्यु के बाद तक कई संस्कार गंगाजल से संपन्न होते हैं। ऐसे में गंगा को प्रदूषित होते देखना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि आश्वासन के अनुसार कार्रवाई नहीं हुई तो गंगा को स्वच्छ और निर्मल बनाने के लिए संघर्ष जारी रहेगा। निरीक्षण के दौरान मंच के जिला अध्यक्ष कीर्तिकांत शर्मा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष विशाल यादव, शहर अध्यक्ष शरद अग्रवाल, युवा जिला अध्यक्ष शिवम कौशिक, जिला सचिव अनिल सिंघल, जिला महासचिव राजू बक्शी, जिला सचिव मनीष रस्तोगी, विशाल भट्ट, महेंद्र अरोड़ा, विकास राजपूत और डॉ. शिवम नारायण शर्मा सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।



