

हरिद्वार(आरएनएस)। अंकिता भंडारी हत्याकांड में अभिनेत्री उर्मिला सनावर के नार्को टेस्ट से पहले गिरफ्तारी को लेकर सोशल मीडिया पर विभिन्न चर्चाओं के बाद हरिद्वार पुलिस ने बयान जारी किया है। प्रकरण में एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने स्पष्ट किया कि उर्मिला सनावर की गिरफ्तारी नार्को टेस्ट से बचाने के लिए नहीं, बल्कि रानीपुर कोतवाली में दर्ज मुकदमे के तहत की गई। एसएसपी ने कहा कि कोर्ट का आदेश आने पर उर्मिला को महिला पुलिसकर्मियों के साथ नार्को टेस्ट के लिए भेजा जाएगा। यह बातें एसएसपी ने पत्रकारों से बातचीत मंगलवार को एसएसपी भुल्लर ने बताया कि उर्मिला के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज हैं।इसके चलते गिरफ्तारी की कार्रवाई की गई। कोर्ट से उर्मिला को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया है। एसएसपी ने नार्को टेस्ट से बचाने के लिए गिरफ्तारी किए जाने की चर्चाओं को अफवाह बताया। बात दें कि 25 अक्तूबर को रानीपुर कोतवाली पुलिस ने उर्मिला सनावर को उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले पहुंच कर उनके घर से गिरफ्तार किया था।पूर्व विधायक सुरेश राठौड़ की बेटी दीपिका राठौड़ ने उर्मिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप है कि उर्मिला ब्लैकमेल कर रही थीं और रविदास धाम अपने नाम करने के साथ पांच करोड़ रुपये की मांग कर रही थीं। आरोप यह भी है कि मांग पूरी न होने पर जान से मारने और सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक फोटो-वीडियो अपलोड करने की धमकी दी गई है। एसएसपी के अनुसार, नार्को टेस्ट के लिए संबंधित व्यक्ति की लिखित सहमति और कोर्ट का आदेश आवश्यक है। इस मामले की जांच दूसरी एजेंसी कर रही है, जो स्वतंत्र है।



