

देहरादून। उत्तराखंड के विद्यालयी शिक्षा विभाग में डेढ़ दर्जन उप शिक्षा निदेशकों को संयुक्त शिक्षा निदेशक के पदों पर पदोन्नति दी गई है। शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के अनुमोदन के बाद पदोन्नत अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं। इस संबंध में सचिव शिक्षा ज्योति यादव ने पदोन्नति और पदस्थापना के आदेश जारी किए हैं।
विभाग के अनुसार, शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने विभागीय समीक्षा बैठकों में कार्मिकों की पदोन्नति के लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में संयुक्त शिक्षा निदेशक के रिक्त पदों के सापेक्ष यह पदोन्नतियां की गई हैं।
पदोन्नति के बाद विजयपाल सिंह को सीमेट में विभागाध्यक्ष, चंदन सिंह बिष्ट और गोविंद राम जायसवाल को महानिदेशालय विद्यालयी शिक्षा में संयुक्त निदेशक बनाया गया है। गोविंद राम जायसवाल को प्रभारी अपर शिक्षा निदेशक माध्यमिक का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। आकाश सारस्वत को प्राचार्य डायट रुड़की की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
नई तैनाती के तहत जगदीश प्रसाद काला को मुख्य शिक्षा अधिकारी देहरादून, सुरेश चंद्र आर्य को नैनीताल, विनय आर्य को बागेश्वर, प्रेमलाल भारती को उत्तरकाशी, पुष्कर लाल टम्टा को ऊधम सिंह नगर, चंडी प्रसाद रतूड़ी को चंपावत, अमित कोटियाल को चमोली और संजीव जोशी को हरिद्वार का मुख्य शिक्षा अधिकारी बनाया गया है।
इसके अलावा मंजू भारती को प्राचार्य डायट देहरादून, श्रीकांत पुरोहित को संयुक्त निदेशक मध्याह्न भोजन, पंकज शर्मा को संयुक्त निदेशक निदेशालय माध्यमिक शिक्षा, शैलेंद्र अमोली को संयुक्त निदेशक प्रारंभिक शिक्षा और तरुण कुमार पंत को उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा बोर्ड में अपर सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। रणजीत सिंह नेगी को बाध्य प्रतीक्षा में रखा गया है। वह पौड़ी के मुख्य शिक्षा अधिकारी के सेवानिवृत्त होने के बाद जनपद की जिम्मेदारी संभालेंगे।
शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि पदोन्नत अधिकारियों के अनुभव और दक्षता से विभागीय कार्यों में तेजी आएगी तथा प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था और मजबूत होगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि इसका लाभ प्रदेश के छात्र-छात्राओं को मिलेगा।




