

अल्मोड़ा। जनपद में मतदेय स्थलों के संशोधन और परिवर्धन से संबंधित प्रस्तावों पर चर्चा के लिए गुरुवार को ईवीएम वेयरहाउस में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई। अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र की अध्यक्षता में हुई बैठक में जनपद के सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के नामित अधिकृत प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक में मतदेय स्थलों से संबंधित प्राप्त प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की गई। अपर जिलाधिकारी ने प्रतिनिधियों को प्रस्तावित नए बदलावों, संशोधनों और परिवर्धन की जानकारी देते हुए विभिन्न बिंदुओं से अवगत कराया, ताकि सभी राजनीतिक दलों को प्रस्तावित परिवर्तनों की स्पष्ट जानकारी मिल सके। बैठक में प्रस्तुत सभी प्रस्तावों और उनसे संबंधित जानकारी पर उपस्थित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने सहमति व्यक्त की। बैठक का उद्देश्य मतदेय स्थलों में संशोधन और परिवर्धन की प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखना तथा सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के साथ समन्वय स्थापित करना रहा।




