
काशीपुर(आरएनएस)। नेशनल हाईवे-74 पर ग्राम कनौरा कट के पास मंगलवार देर रात करीब साढ़े बारह एक बेकाबू टूरिस्ट बस ने गश्त पर खड़े 112 हाईवे पेट्रोलिंग वाहन को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में पेट्रोलिंग वाहन चालक दिनेश राणा घायल हो गए और दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। गनीमत रही कि बस में बैठे यात्रियों को गंभीर चोटें नहीं आईं। जानकारी के अनुसार, मंगलवार को 52 सीटर टूरिस्ट बस लखीमपुर खीरी यूपी से देहरादून जा रही थी। बस में क्षमता से अधिक 84 यात्री सवार थे। देर रात एनएच-74 पर 112 की टीम कनौरा के पास तैनात थी।इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार बस ने पेट्रोलिंग वाहन को चपेट में ले लिया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। हालांकि बस में सवार यात्रियों को गंभीर चोट नहीं आई। सूचना मिलते ही दोराहा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को कब्जे में लेकर चालक मेहताब को हिरासत में ले लिया। हाईवे पर फंसे 84 यात्रियों के लिए दूसरी बस का इंतजाम कर उन्हें गंतव्य के लिए रवाना किया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि लखीमपुर खीरी से देहरादून रूट पर चलने वाली बसों से दोराहा क्षेत्र में पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाकर हाईवे पर दौड़ रही डग्गामार और टूरिस्ट बसों की समय रहते चेकिंग नहीं होने से खतरा बना हुआ है। दोराहा चौकी प्रभारी देवेंद्र मेहता ने बताया कि हादसे में घायल चालक को अस्पताल पहुंचाया गया है और आरोपी बस चालक के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।

