


अल्मोड़ा। ग्राम सूरी में रविवार को स्वतंत्रता संग्राम शहीद सैनिक स्मारक परिसर में आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में 400 से अधिक मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उपचार किया गया। कांग्रेस नेता एवं सामाजिक कार्यकर्ता देवेंद्र सिंह फर्त्याल के संयोजन और हल्द्वानी स्थित बृज लाल हॉस्पिटल के डॉ. अजय पाल सिंह के विशेष प्रयासों से आयोजित शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों को निःशुल्क परामर्श देने के साथ ब्लड प्रेशर, शुगर और ईसीजी की जांच की। जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं। शिविर में हड्डी रोग, सामान्य चिकित्सा, सर्जरी, हृदय रोग, स्त्री रोग और बाल रोग से संबंधित मरीजों का परीक्षण किया गया। शिविर में डॉ. अजय पाल, डॉ. लेफ्टिनेंट कर्नल राजेश चौरसिया, डॉ. अमरेंद्र कुमार, डॉ. सुमित राणा, डॉ. विजय गैरोला, डॉ. प्रियल तिवारी और डॉ. हिमानी शर्मा ने सेवाएं दीं। संयोजक देवेंद्र सिंह फर्त्याल ने कहा कि शिविर का मुख्य उद्देश्य जनसेवा है। ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए भविष्य में भी ऐसे शिविर आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान लोगों को आयुष्मान कार्ड, ईएसआई और हेल्थ इंश्योरेंस के माध्यम से निःशुल्क उपचार की सुविधाओं की जानकारी भी दी गई।




