


रुद्रपुर(आरएनएस)। रुद्रपुर में साइबर ठगों ने दो व्यक्तियों को 3.65 लाख रुपये की चपत लगा दी। साईं विहार कॉलोनी निवासी दिबाकर सेनापति ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 14 अक्टूबर को उनके मोबाइल पर एक अज्ञात व्यक्ति की कॉल आई। कॉलर ने खुद को बैंक का प्रतिनिधि बताते हुए क्रेडिट कार्ड अपडेट करने का झांसा दिया। इसके बाद उसने कई जानकारियां मांगीं और क्रेडिट कार्ड अपडेट होने की बात कही। कुछ ही देर में उनके खाते से 2.23 लाख रुपये कट गए। दूसरे मामले में ट्रांजिट कैंप निवासी सचिन राना ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि आठ अक्टूबर को उनका मोबाइल अचानक हैक हो गया था।इसके बाद उन्होंने मोबाइल बंद कर दिया। 15 अक्तूबर को खाते से 1.42 लाख रुपये की निकासी का मैसेज आया, तब उन्हें साइबर ठगी का पता चला। सीओ विभव सैनी ने बताया कि दोनों मामलों में तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। साइबर सेल मामलों की जांच कर रही है।



