


रुद्रपुर(आरएनएस)। दिल्ली की कंपनी के प्रतिनिधि ने एक प्राइवेट कंपनी के निदेशक पर 5.56 करोड़ रुपये का भुगतान रोकने, धोखाधड़ी करने और धमकी देने का आरोप लगाया है। प्रतिनिधि ने आरोपी कंपनी के निदेशकों और मुख्य वित्तीय अधिकारी के खिलाफ केस दर्ज करने की मांग की है। मै. शिव शक्ति ट्रेडर्स, नेताजी सुभाष प्लेस, पीतमपुरा, दिल्ली के अधिकृत प्रतिनिधि राजेश कुमार ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनकी कंपनी मक्का सहित कृषि उत्पादों के व्यापार और सप्लाई का काम करती है। उनकी कंपनी ने एक प्राइवेट कंपनी को माल सप्लाई किया था। इस पर कंपनी के प्रबंध निदेशक और अन्य अधिकारियों ने जल्द भुगतान करने और और माल की मांग का भरोसा दिलाया। 16 फरवरी को मै. शिव शक्ति ट्रेडर्स ने 5.13 करोड़ रुपये का बिल जारी किया और शर्तों के अनुसार एक करोड़ रुपये जारी करने की मांग की। पिछली सप्लाई का बड़ा भुगतान बकाया होने के बावजूद आरोपी कंपनी ने उन्हें पांच और रेलवे रेक (मालगाड़ी के डिब्बे) भेजने के लिए राजी कर लिया। अतिरिक्त सप्लाई मिलने के बाद भी आरोपी फर्म ने नियमित भुगतान नहीं किया और टुकड़ों में भुगतान करने लगी। राजेश कुमार ने आरोप लगाया कि उनकी कंपनी को अभी भी आरोपी कंपनी से 5.56 करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान लेना है। भुगतान मांगने पर आरोपी कंपनी के प्रबंध निदेशक उन्हें धमकाने लगे। राजेश कुमार ने आरोपी फर्म के खिलाफ केस दर्ज करने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



