
अल्मोड़ा। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को पुलिस लाइन अल्मोड़ा में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोड़के ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर समारोह का शुभारंभ किया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत वंदे मातरम् का गायन कर देशभक्ति का संदेश दिया।
समारोह को संबोधित करते हुए एसएसपी चंद्रशेखर घोड़के ने पुलिस परिवार को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और देश की आजादी के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने पुलिसकर्मियों से देश की एकता, अखंडता, आपसी सौहार्द और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर प्रदेश स्तर पर सराहनीय एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के नाम पढ़कर सुनाए गए तथा उन्हें बधाई दी गई। एसएसपी ने एनसीसी कैडेट्स, पुलिस जवानों और सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों को मिष्ठान वितरित कर स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं भी दीं।
जनपद के सभी थाना, चौकी और फायर स्टेशन प्रभारियों ने भी अपने-अपने कार्यालयों में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर स्वतंत्रता दिवस मनाया। कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक हरबंस सिंह, सीओ अल्मोड़ा बलवंत सिंह रावत, सीओ संचार राजीव कुमार टम्टा, प्रतिसार निरीक्षक रमेश चंद्र, निरीक्षक दूरसंचार उमाशंकर पांडे, निरीक्षक यातायात हयात सिंह, पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी तथा एनसीसी की महिला कैडेट्स मौजूद रहीं।


