
काशीपुर(आरएनएस)। अनुसूचित जाति-जनजाति शिक्षक एसोसिएशन (उत्तराखंड) की काशीपुर शाखा ने मंगलवार को मुख्यमंत्री को संबोधित एक 19 सूत्रीय मांग पत्र एसडीएम को सौंपा। एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि यदि इन न्यायसंगत मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो संगठन चरणबद्ध और शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। मंगलवार को एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि यह मांग पत्र विभिन्न जनपदों, ब्लाकों और संगठनात्मक इकाइयों में कार्यरत शिक्षकों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और सामाजिक प्रतिनिधियों के साथ व्यापक विचार-विमर्श के बाद तैयार किया गया है। ज्ञापन में मुख्य रूप से मांग की गई कि आरक्षण रोस्टर प्रणाली का कड़ाई से पालन कर विभागवार बैकलाग रिक्तियों को भरने के लिए विशेष भर्ती अभियान चलाया जाए और संविदा, उपनल व आउटसोर्सिंग में भी आरक्षण लागू हो।
एससी/एसटी विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति राशि में वृद्धि की जाए और उसका समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित हो। लंबित पदोन्नति प्रक्रिया तत्काल शुरू कर पदोन्नति में आरक्षण का पालन हो, सभी पात्र कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना बहाल की जाए, और शिक्षकों को गैर-शैक्षणिक कार्यों से मुक्त रखा जाए। यहां जिलाध्यक्ष हरिओम सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष देवेन्द्र कुमार, ब्लॉक मंत्री राजू गौतम, विजय कुमार, नीरज कुमार, महेश गौतम, चितरंजन कुमार, धन सिंह आदि मौजूद रहे।

