
रुद्रपुर। रनसाली वन क्षेत्र में वन विभाग की टीम ने मंगलवार देर रात कार्रवाई करते हुए लकड़ी तस्करों की चार बाइक जब्त की हैं। कार्रवाई के दौरान तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
वन विभाग को सरोंजा बीट क्षेत्र में वन तस्करों की गतिविधियों की सूचना मिली थी। इसके बाद विभागीय टीम ने वन निगम के लॉट संख्या चार और पांच क्षेत्र में घेराबंदी की। कार्रवाई के दौरान मौके से सागौन के लट्ठों से लदी चार बाइक बरामद की गईं।
रेंजर महेंद्र सिंह रैकुनी ने बताया कि तस्कर वन विभाग की टीम को देखकर बाइक छोड़कर फरार हो गए। बरामद बाइकों को कब्जे में लेकर रनसाली रेंज कार्यालय लाया गया है।
उन्होंने बताया कि बाइक नंबर और चेसिस नंबर के आधार पर वाहन स्वामियों की पहचान की जा रही है। मामले में वन विभाग की ओर से विधिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली टीम में वन दरोगा यशवंत रावत, नंद किशोर पांडेय, अरविंदर सिंह, भास्कर जोशी, गणेश पलड़िया, अंकित राणा, अमन कुमार और शक्ति सिंह शामिल रहे।

