
हरिद्वार(आरएनएस)। श्री अखंड परशुराम अखाड़े ने धर्मनगरी हरिद्वार में मांसाहारी खाद्य पदार्थों की होम डिलीवरी और नशीले पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने की मांग उठाई है। अखाड़े के अध्यक्ष पंडित अधीर कौशिक ने नगर मजिस्ट्रेट कार्यालय के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर कार्रवाई की मांग की। पंडित अधीर कौशिक ने कहा कि हरिद्वार करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है, लेकिन नगर निगम क्षेत्र में लागू म्युनिसिपल बायलॉज और धार्मिक मर्यादाओं के विपरीत ऑनलाइन माध्यमों से मांसाहारी खाद्य पदार्थों की सप्लाई की जा रही है।उन्होंने आरोप लगाया कि विभिन्न ऑनलाइन डिलीवरी कंपनियां घर-घर मांसाहारी भोजन पहुंचा रही हैं, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत हो रही हैं। उन्होंने प्रशासन से म्युनिसिपल बायलॉज का सख्ती से पालन कराने और मांसाहारी खाद्य पदार्थों की होम डिलीवरी पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग की। साथ ही धर्मनगरी में नशीले पदार्थों की बिक्री पर भी कड़ा अंकुश लगाने की बात कही।
पंडित अधीर कौशिक ने कहा कि गंगा घाटों और धार्मिक स्थलों पर नशे की हालत में अभद्रता और मर्यादा के विपरीत आचरण की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे हरिद्वार की धार्मिक छवि प्रभावित हो रही है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि धर्मनगरी की गरिमा पर आघात किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।

