
देहरादून। बड़ोवाला में बैंककर्मी सत्यम कुमार पर हुई फायरिंग के मामले का पटेलनगर पुलिस ने खुलासा करते हुए उसकी पूर्व प्रेमिका समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, सत्यम की दूसरी युवती से सगाई होने और बातचीत बंद करने से नाराज पूर्व प्रेमिका मालिया रहमान ने उसकी हत्या की साजिश रची थी। हत्या के लिए लक्सर के बदमाश अंकित चौहान को पांच लाख रुपये की सुपारी दी गई थी।
फायरिंग के बाद पुलिस ने ऐसे दबोचा
आठ सितंबर को सत्यम अपनी बहन साक्षी के साथ स्कूटी से बड़ोवाला स्थित घर जा रहा था। जीओ पेट्रोल पंप से करीब 200 मीटर आगे बाइक सवार दो युवकों ने स्कूटी रोककर सत्यम पर गोली चला दी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मामले में पटेलनगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया था।
सीसीटीवी फुटेज और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से पुलिस आरोपियों तक पहुंची। 11 सितंबर को गोरखपुर चौक के पास पुलिस ने संदिग्ध बाइक सवारों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस के मुताबिक, दोनों चाय बागान की पगडंडी की ओर भागे और पुलिस पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में अंकित के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी अंकुर फरार हो गया।
2020 में शुरू हुआ था प्रेम संबंध
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि मालिया वर्ष 2020 से 2023 तक हरिद्वार के उज्जीवन बैंक में काम करती थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात सत्यम से हुई और दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए। वर्ष 2023 में परिवार के दबाव में मालिया ने सहारनपुर निवासी युवक से निकाह कर लिया, लेकिन सत्यम के संपर्क में बनी रही। बाद में उसका विवाह टूट गया।
वर्ष 2025 में सत्यम देहरादून आ गया। फरवरी 2026 में उसने दूसरी युवती से सगाई कर ली और मालिया से बातचीत बंद कर उसे सोशल मीडिया पर ब्लॉक कर दिया। पुलिस के अनुसार, इससे नाराज मालिया ने सत्यम को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
पांच लाख में तय हुआ हत्या का सौदा
पुलिस के अनुसार, मालिया ने अपने साथी मोहित के जरिए अंकित चौहान से संपर्क किया और पांच लाख रुपये में हत्या का सौदा तय किया। अंकित को 1.20 लाख रुपये एडवांस दिए गए। मालिया ने उसे सत्यम की फोटो और उसके बैंक कार्यालय से जुड़ी जानकारी भी उपलब्ध कराई थी।
पुलिस का कहना है कि घटना के बाद बची हुई रकम लेने के लिए अंकित और अंकुर दोबारा देहरादून आए थे। इसी दौरान पुलिस ने अंकित को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर मालिया रहमान और मोहित को आईएसबीटी के पास से गिरफ्तार किया गया।
तमंचा और बाइक बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 315 बोर का देसी तमंचा, दो खोखा कारतूस और घटना में इस्तेमाल बिना नंबर की बाइक बरामद करने का दावा किया है। फरार आरोपी अंकुर की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार, घायल आरोपी अंकित का पूर्व का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है।
एसपी ट्रैफिक जितेंद्र चौधरी ने बताया कि मामले में मुख्य आरोपी मालिया रहमान और उसके साथी मोहित को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि फरार अंकुर की तलाश की जा रही है।

