

विकासनगर(आरएनएस)। बालक राम और उनके परिवार के साथ कथित अभद्रता का मामला त्यूणी में तूल पकड़ता जा रहा है। बुधवार को स्वाभिमान मोर्चा ने प्रदेश अध्यक्ष बॉबी पंवार के नेतृत्व में विधायक प्रीतम सिंह और उनके दोनों भाइयों के खिलाफ प्रदर्शन कर पुतले दहन किए। पुलिस की मौजूदगी में हुए प्रदर्शन के दौरान सांकेतिक धरना दिया गया। मोर्चा ने आरोपों को गंभीर बताते हुए बालक राम के परिवार से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग उठाई। बॉबी पंवार ने आरोप लगाया कि विधायक प्रीतम सिंह के भाइयों ने बालक राम और उनके परिवार के साथ गाली-गलौज करते हुए अभद्र व्यवहार किया।उन्होंने कहा कि घटना से जुड़ी ऑडियो वायरल होने के बाद मामला और तूल पकड़ गया है। पंवार के मुताबिक, क्षेत्र के लोग प्रीतम सिंह के परिवार को लंबे समय से मान-सम्मान देते आए हैं, लेकिन इसके बावजूद बालक राम के परिवार के साथ कथित व्यवहार से लोगों में नाराजगी है। उन्होंने कहा कि किसी परिवार के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाले मामले को अनदेखा नहीं किया जा सकता।
प्रदर्शन के दौरान मोर्चा ने साफ किया कि यह विरोध केवल पुतला दहन तक सीमित नहीं रहेगा। बॉबी पंवार ने दो टूक कहा कि जब तक बालक राम के परिवार से सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगी जाती, तब तक धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि मांग पूरी होने तक आंदोलन वापस नहीं लिया जाएगा। प्रदर्शनकारियों में बॉबी पंवार, यशपाल रावत, यशपाल राठौर, सबल चौहान, सुरेन्द्र तोमर, विट्टू वर्मा, शंकर रावत, जसपाल चौहान, रविंद्र सिंह, प्रदीप चौहान गीता चौहान आदि लोग मौजूद थे।



