
अल्मोड़ा। नशे के खिलाफ अभियान के तहत अल्मोड़ा पुलिस ने अवैध भांग की खेती के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। लमगड़ा क्षेत्र में पुलिस टीम ने अभियान चलाकर खेतों में उगाई जा रही करीब 3.5 नाली अवैध भांग की फसल को नष्ट किया। कार्रवाई के दौरान ग्रामीणों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक भी किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके के निर्देश पर मादक पदार्थों की अवैध खेती और नशे के कारोबार के खिलाफ जिलेभर में अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को लमगड़ा पुलिस ने कार्रवाई की। थानाध्यक्ष लमगड़ा प्रमोद पाठक के नेतृत्व में चौकी प्रभारी मोरनौला उपनिरीक्षक नरेश कोहली और पुलिस टीम ने ग्राम डामर एवं तोक कल्ला खांण क्षेत्र में खेतों का निरीक्षण किया। इस दौरान करीब 3.5 नाली क्षेत्र में अवैध रूप से उगाई गई भांग की फसल मिली, जिसे पुलिस टीम ने मौके पर नष्ट कर दिया। पुलिस ने ग्रामीणों को अवैध भांग की खेती से होने वाले नुकसान और नशे के दुष्परिणामों की जानकारी दी। साथ ही लोगों से नशामुक्त और स्वस्थ जीवन अपनाने तथा अवैध मादक पदार्थों की खेती एवं कारोबार की जानकारी पुलिस को देने की अपील की। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले में नशे की जड़ पर प्रहार करने का अभियान आगे भी जारी रहेगा।


