
कोटद्वार(आरएनएस)। ऑल इंडिया बैंक इंप्लाइज एसोसिएशन के केंद्रीय नेतृत्व के आह्वान पर राष्ट्रीयकृत बैंकों में कार्यरत कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार कर अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन किया। बृहस्पतिवार को बदरीनाथ मार्ग पर पंजाब नेशनल बैंक शाखा के सामने एसोसिएशन के बैनर तले बड़ी संख्या में बैंककर्मी एकत्र हुए। एसोसिएशन के प्रांतीय सहायक महामंत्री वीरेंद्र सिंह रावत ने कहा कि केंद्र सरकार श्रमिकों के साथ अन्याय कर रही है। 29 श्रम कानूनों को समाप्त कर चार नए श्रम कानून बनाकर श्रमिकों के अधिकार छीने जा रहे हैं। इसका हरसंभव विरोध किया जाएगा। इस पर बैंक कर्मियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और दो टूक कहा कि सरकार ने कर्मचारी उत्पीड़न बंद नहीं किया, तो बड़े स्तर पर आंदोलन शुरू किया जाएगा। बैंककर्मियों ने अपनी जिन मांगों के समर्थन में कार्य बहिष्कार कर प्रदर्शन किया, उनमें पुराने श्रम कानूनों को यथावत रखने, बैंकों में समुचित स्टाफ की भर्ती करने, बैंकों में पुरानी पेंशन योजना लागू करने, बैंकों का विजय न कर बेंकों को मजबूत करने, औद्योगिक घरानों के खराब ऋण की वसूली के लिए ठोस कानून बनाने, बैंकों में ठेका प्रथा बंद कर स्थायी नियुक्तियां करने, बैंक ग्राहकों से अनावश्यक सर्विस चार्ज न लेने और बैंकों में पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू की मांग शामिल है। प्रदर्शनकारियों में जिला सचिव कुलदीप चोधरी, नगर संयोजक डीपीएस बिष्ट, हरजीत सिंह, रमेश नेगी, भीम प्रसाद, रचित रावत, राहुल नेगी, सविता कोटनाला, मुन्नी देवी, मदन मोहन, कुलदीप गुसाईं शामिल रहे। वहीं, बैंक कर्मियों के कार्य बहिष्कार के चलते बैंक आए खाताधारकों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।

