
हरिद्वार(आरएनएस)। कर्णप्रयाग में सिख निहंग युवकों के साथ मारपीट के बाद उन्हें गिरफ्तारी पर सिख समाज ने रोष जताया। मौके पर पुलिस की एकतरफा कार्रवाई होने से भारी रोष व्याप्त है। रविवार को पंजाब से सांसद सरबजीत सिंह खालसा, विधायक मनप्रीत सिंह, सांसद प्रतिनिधि तरसेम सिंह ने निर्मल विरक्त कुटिया गुरुद्वारे में स्थानीय सिखों से वार्ता की। इस दौरान उन्होंने एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के सामने भी अपना रोष प्रकट किया। जिसके उपरांत प्रतिनिधिमंडल डीजीपी से मिलने और स्थानीय लोग ऋषिकेश गुरुद्वारे में हेमकुंड साहिब ट्रस्ट के अध्यक्ष से मिलने गए। उन्होंने कहा कि जो गिरफ्तारी हुई है वह बहुत गलत है।दोनों पक्षों की गिरफ्तारी होनी चाहिए थी। पुलिस की कार्यवाही एकतरफा होने से पंजाब में भारी रोष व्याप्त है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने कार्यवाही में बहुत जल्दी निर्णय लिया जबकि दोनों पक्षों को सुना जाना चाहिए था। जो मुकदमे युवकों पर लगाए गए हैं उन्हें खारिज किया जाए। कुछ वीडियो वायरल हुई है जिसमें सिख युवकों की पगड़ी भी उतरी हुई दिखाई दे रही है। युवकों को पहले स्थानीय लोगों ने मारा फिर पुलिस ने भी पीटा जो कि बहुत निंदनीय है। इस संबंध में डीजीपी, मुख्यमंत्री से भी वार्ता की जाएगी। स्थानीय निवासी सूबा सिंह ढिल्लों, बाबा पंडत, अनूप सिंह सिद्धू, बलजिंदर सिंह, उज्जल सिंह सेठी, हरभजन सिंह आदि ने कहा कि कोई श्रद्धा से हेमकुंड साहिब जा रहा है और कुछ लोग उनके साथ मारपीट करते हैं फिर पुलिस उन्हीं को दोषी बना कर कार्यवाही करती है। यह सिख समाज बर्दाश्त नहीं करेगा। बाहर से आने वाले सिख यात्रियों के साथ कई बार ऐसी घटनाएं सुनने को मिलती हैं जो कि बहुत गलत है। इस पर रोक लगनी चाहिए और कर्णप्रयाग में गिरफ्तार किए गए युवकों को छोड़ा जाना चाहिए।
