
रुडकी(आरएनएस)। सिकंदरपुर स्थित पेट्रोल पंप पर 40 रुपये का पेट्रोल भरवाने के बाद कर्मचारी से तमंचे के बल पर नकदी लूटने की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई रकम में से तीन हजार रुपये, वारदात में प्रयुक्त बाइक और तमंचा बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, सिकंदरपुर स्थित पेट्रोल पंप पर दो युवक बाइक से पहुंचे थे। दोनों ने 40 रुपये का पेट्रोल भरवाया और कर्मचारी को 200 रुपये का नोट दिया। कर्मचारी जब 160 रुपये वापस करने लगा, तभी आरोपियों ने उसके हाथ में रखे करीब 9500 रुपये छीन लिए थे। पेट्रोल पंप कर्मियों ने आरोपियों का पीछा करने का प्रयास किया तो उन्होंने तमंचा दिखाकर गोली मारने की धमकी दी और बाइक से फरार हो गए थे।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने पेट्रोल पंप पहुंचकर जानकारी जुटाई थी। पीड़ित कर्मचारी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों तलाश शुरू कर दी थी।। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही संदिग्धों और वाहनों की चेकिंग शुरू की गई। शनिवार की देर रात पुलिस टीम सिकंदरपुर-सिरचंदी मार्ग पर चेकिंग कर रही थी।
इसी दौरान बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवकों को रोककर पूछताछ की गई। पूछताछ में दोनों ने पेट्रोल पंप पर हुई लूट की घटना में शामिल होना स्वीकार किया। आरोपियों की पहचान वंश उर्फ कृष निवासी बहेड़ी गुर्जर, थाना गागलहेड़ी, सहारनपुर और अमित उर्फ प्रिंस निवासी साधारणसिर, थाना नागल, सहारनपुर के रूप में हुई। कोतवाली प्रभारी रितेश साह ने बताया कि दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।
