
रुडकी(आरएनएस)। केशव नगर मोहल्ले में एक युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। परिजनों ने युवक की हत्या किए जाने की आशंका जताते हुए पुलिस से मामले की जांच करने की मांग की है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह केशव नगर मोहल्ले में लोगों ने एक युवक का शव पड़ा देखा। कुछ ही देर में इसकी सूचना आसपास के लोगों और परिजनों को दी गई। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान अमित पुत्र राजेश निवासी केशव नगर, लक्सर के रूप में की। युवक का शव मिलने की सूचना से मोहल्ले में अफरातफरी मच गई। घटना की जानकारी मिलने पर लक्सर कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। वहीं, युवक की मौत को लेकर परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि युवक की मौत सामान्य परिस्थितियों में नहीं हुई है और पूरे मामले की जांच की जानी चाहिए।कोतवाली प्रभारी ने बताया कि अभी युवक की मौत का कारण स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह पता चल सकेगा कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई। उन्होंने बताया कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जाएगी। उधर, युवक की अचानक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
