
रुद्रपुर(आरएनएस)। राष्ट्रीय राजमार्ग पर चकरपुर के पास रविवार देर रात करीब दो बजे सीमेंट से लदा ओवरलोड ट्रॉला अगला टायर फटने से अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गया। डिवाइडर की करीब 50 मीटर लंबी रेलिंग तोड़ते हुए ट्रॉला हाईवे पर पलट गया। हादसे में ट्रॉला में लदे सीमेंट के कट्टे सड़क पर बिखर गए। चालक को मामूली चोट आई, जबकि हेल्पर बाल-बाल बच गया। रात का समय होने के कारण हाईवे पर वाहनों की आवाजाही कम थी, जिससे बड़ा हादसा टल गया। बताया गया कि हैदराबाद के सिकंदराबाद से सीमेंट लेकर ट्रॉला टनकपुर जा रहा था। चकरपुर के पास अचानक उसका अगला टायर फट गया। तेज आवाज के साथ ट्रॉला अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ा और रेलिंग तोड़ते हुए पलट गया। हादसे के दौरान ट्रॉला दो हिस्सों में बंट गया। एक हिस्सा सड़क की एक ओर और दूसरा दूसरी ओर जा गिरा। टायर फटने की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और चकरपुर पुलिस चौकी को सूचना दी। चालक नसीम को मामूली चोट आई, जबकि हेल्पर विशाल सुरक्षित रहा। सूचना पर पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और क्रेन की मदद से ट्रॉले को हाईवे से हटवाया। साथ ही सड़क पर बिखरे सीमेंट के कट्टों को भी हटवाया गया। चकरपुर चौकी प्रभारी विकास कुमार ने बताया कि ट्रॉला का अगला टायर फटने से हादसा हुआ। दुर्घटना में किसी अन्य व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है। उन्होंने बताया कि रात में ही ट्रॉला और सीमेंट के कट्टे हटवा दिए गए थे।
