

रुद्रपुर(आरएनएस)। जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर स्थित बार चैंबर्स में पिछले एक सप्ताह से चुनाव में देरी के विरोध में चल रहा अधिवक्ताओं का धरना प्रदर्शन समाप्त हो गया है। जिला बार एसोसिएशन की 18 नवंबर को आमसभा आयोजित की जाएगी। इसमें चुनाव की घोषणा की जाएगी। इसके बाद चुनाव अधिकारी नियुक्त किए जाएंगे। दिसंबर के प्रथम सप्ताह में चुनाव संपन्न कराने का आश्वासन मिलने के बाद धरनारत अधिवक्ताओं ने आंदोलन समाप्त करने की घोषणा की। बार चैंबर्स परिसर में आयोजित सभा के दौरान अधिवक्ताओं ने वर्तमान कार्यकारिणी पर चुनाव प्रक्रिया में देरी करने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि जिला बार एसोसिएशन की कार्यकारिणी का कार्यकाल 30 अगस्त को समाप्त हो चुका है, इसके बावजूद नई कार्यकारिणी के चुनाव और गठन की प्रक्रिया शुरू नहीं की गई। इससे अधिवक्ताओं में नाराजगी थी और नई कार्यकारिणी का गठन अटका हुआ था। एसोसिएशन में कुल 627 मतदाता हैं, जो चुनाव प्रक्रिया में हिस्सा लेंगे। धरने के दौरान बार काउंसिल ऑफ उत्तराखंड की उपाध्यक्ष सुशीला मेहता, जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष संजीव फोगाट, उपाध्यक्ष इंद्रजीत सिंह बिट्टा और वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य शाहिद हुसैन सहित अन्य पदाधिकारियों ने अधिवक्ताओं को आश्वासन दिया कि 18 नवंबर को आमसभा आयोजित कर चुनाव की घोषणा की जाएगी। साथ ही दिसंबर के प्रथम सप्ताह में चुनाव संपन्न करा दिए जाएंगे। चुनाव हाईकोर्ट और बार एसोसिएशन के निर्धारित नियमों के अनुसार कराए जाएंगे। पदाधिकारियों के आश्वासन के बाद अधिवक्ता संतुष्ट हो गए और उन्होंने धरना समाप्त कर दिया। इस दौरान पूर्व अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार गोस्वामी के नेतृत्व में आरपी सिंह, उमा गखर, जुगल गोस्वामी, महेंद्र सिंह चौहान, भूरा अहमद, आरएस रावत, सरबजोत सिंह, राजीव सिंह, राजेंद्र सिंह, एसपी सिंह, प्रमोद पांडे, सूखेन सरकार, रेहान खान और मयंक सहित कई अधिवक्ता मौजूद रहे।



